पंचायत बनी प्रेमी युगल का सहारा, परिजनों की रजामंदी से संपन्न हुई शादी
सात जन्मों का बंधन: पंचायत बनी सहारा, प्रेमी युगल की परिजनों की रजामंदी से हुई शादी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के मांझी प्रखंड अंतर्गत डुमरी पंचायत में एक प्रेमी युगल की शादी पंचायत और परिजनों की सहमति से संपन्न कराई गई। लंबे समय से प्रेम संबंध में रह रहे युवक-युवती ने साथ जीने-मरने की कसमें खाकर घर छोड़ दिया था। करीब पांच दिनों तक घर से बाहर रहने के बाद दोनों वापस लौटे, जिसके बाद मामला पंचायत तक पहुंचा।
मिली जानकारी के अनुसार डुमरी पंचायत के चकिया गांव निवासी दिलीप राम के पुत्र रजनीश राम और रामजी राम की पुत्री सोनी कुमारी के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने परिवार की मर्जी के बिना घर छोड़ दिया था। परिजनों के काफी प्रयास और समझाने-बुझाने के बाद दोनों वापस अपने घर लौट आए, लेकिन उन्होंने एक-दूसरे से अलग रहने से साफ इनकार कर दिया और साथ जीवन बिताने की इच्छा जताई।
इसके बाद गांव में पंचायत बुलाई गई, जिसमें दोनों पक्षों के परिजन, पंच और ग्रामीण शामिल हुए। काफी देर तक चली बातचीत के बाद दोनों परिवार विवाह के लिए राजी हो गए। गुरुवार की देर शाम डुमरी स्थित ब्रह्म स्थान पर हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार दोनों का विवाह संपन्न कराया गया। विवाह के दौरान दोनों पक्षों के परिजनों ने नवदंपती को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।
मांझी समाचार, डुमरी पंचायत, चकिया गांव, प्रेमी युगल की शादी, पंचायत में विवाह, सारण न्यूज, मांझी प्रेम विवाह, बिहार समाचार

