खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को दी गई प्राकृतिक खेती व मृदा संरक्षण की जानकारी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: आर.पी.सी.ए.यू.- कृषि विज्ञान केन्द्र, माँझी द्वारा “खेत बचाओ अभियान” के तहत सोमवार को सारण जिले के रिवीलगंज प्रखंड के रामपुरभट्ट एवं माँझी प्रखंड के मझनपुरा गांव में एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा प्राकृतिक खेती के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कृषि विज्ञान केन्द्र, माँझी के वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. संजय कुमार राय ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य किसानों को मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने तथा रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों, भारत सरकार एवं बिहार सरकार की योजनाओं, समेकित पोषक तत्व प्रबंधन तथा खेती में हरी खाद के उपयोग एवं उसके लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
उद्यान विशेषज्ञ डॉ. जितेन्द्र चंदोला ने किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती की तकनीकों के बारे में विस्तार से बताया। वहीं पादप रोग विशेषज्ञ डॉ. जीर विनायक ने किसान सारथी ऐप के उपयोग, धान में लगने वाले कीटों की पहचान एवं उनके प्रबंधन की जानकारी दी।
कृषि अभियांत्रिकी विशेषज्ञ डॉ. सुषमा टम्टा ने जीरो टीलेज मशीन से धान की सीधी बुवाई तथा लैंड लेसर लेवलर से खेतों के समतलीकरण की आधुनिक तकनीकों की जानकारी किसानों को दी। उन्होंने बताया कि इन तकनीकों से पानी की बचत के साथ उत्पादन लागत भी कम होती है।
कार्यक्रम में मझनपुरा एवं रामपुरभट्ट गांव के कुल 90 महिला एवं पुरुष किसानों ने भाग लिया। प्रतिभागियों में परमात्मा सिंह, अखिलेश्वर सिंह, अजीत सिंह, विनीश कुमार सिंह, रामजीत सिंह, रामाशंकर सिंह, रविन्द्र राम, अनिल राम, वरुण सिंह, रामदुलार राम, दिलीप कुमार साह, सुनीता देवी तथा फुलझड़ी देवी सहित कई किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में कृषि विज्ञान केन्द्र, माँझी के श्री राकेश कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
#KhetBachaoAbhiyan #Manjhi #Saran #NaturalFarming #OrganicFarming #SoilHealth #KVKManjhi #BiharNews #FarmerTraining #AgricultureNews #RPCAU #ZeroTillage #SoilConservation #BiharAgriculture

