मांझी में दिनदहाड़े लूट की वारदात, साइकिल सवार युवक से मारपीट कर ₹75 हजार लूटे, एक हिरासत में
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के कबीरपार मठिया गांव के समीप शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात सामने आई। बदमाशों ने साइकिल से जा रहे एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और उसके पास मौजूद 75 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो युवकों ने साइकिल सवार को रोककर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और विरोध जताया, जिसके बाद हमलावर युवक को छोड़कर भाग निकले। ग्रामीणों की तत्परता से घायल युवक की जान बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मांझी भेजा। घायल की पहचान दाउदपुर थाना क्षेत्र के बंगरा मठिया निवासी मन्नान मंसूरी के पुत्र जहीर मंसूरी उर्फ बबलू के रूप में हुई है।
पुलिस ने संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है तथा फरार दूसरे आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मांझी समाचार, सारण न्यूज, कबीरपार मठिया लूट, साइकिल सवार से लूट, 75 हजार रुपये लूट, मांझी थाना, जहीर मंसूरी, Saran Crime News

