सारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बोलेरो से 429 लीटर विदेशी शराब जब्त
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: दाउदपुर थाना पुलिस ने शुक्रवार को शराब तस्करों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए एक बोलेरो वाहन से विभिन्न ब्रांड की लगभग 429 लीटर विदेशी शराब जब्त की। हालांकि वाहन चालक मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। यह कार्रवाई ताजपुर-एकमा मुख्य मार्ग पर वाहन जांच अभियान के दौरान की गई।
दाउदपुर के अपर थानाध्यक्ष बिपुल कुमार ने बताया कि अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ताजपुर की ओर से एक बोलेरो वाहन में शराब की खेप लेकर एकमा की तरफ जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना क्षेत्र के सरयूपार गांव के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
जांच के दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध बोलेरो पर पड़ी। पुलिस ने वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक कुछ दूरी पर गाड़ी खड़ी कर भागने लगा। पुलिस बल द्वारा उसका पीछा भी किया गया, लेकिन वह अंधेरे और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस ने बोलेरो वाहन की तलाशी ली, जिसमें छिपाकर रखे गए 48 कार्टून विदेशी शराब बरामद किए गए। जब्त शराब की कुल मात्रा लगभग 429 लीटर बताई जा रही है। दाउदपुर थानाध्यक्ष निर्भय कुमार ने बताया कि वाहन के कागजात की जांच की जा रही है तथा वाहन मालिक के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शराब माफिया लगातार नए-नए तरीके अपनाकर बिहार में शराब की तस्करी करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस की सतर्कता एवं सख्ती के कारण उनके प्रयास लगातार विफल हो रहे हैं।

