राजनीति विज्ञान में मुकुल कुमार सिंह को पीएचडी की उपाधि, क्षेत्र में खुशी की लहर
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: जय प्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के परीक्षा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार मई 2026 में आयोजित पीएचडी परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। कुलपति प्रो. परमेन्द्र बाजपेयी के आदेशानुसार सामाजिक विज्ञान संकाय के अंतर्गत राजनीति विज्ञान विषय में शोधार्थी मुकुल कुमार सिंह को पीएचडी (डॉक्टरेट) की उपाधि प्रदान की गई है।
मुकुल कुमार सिंह सिवान जिले के भगवानपुर हाट प्रखंड अंतर्गत महम्मदपुर गांव के निवासी हैं। उनके पिता सेवा निवृत्त शिक्षक रोशन सिंह तथा माता अहिल्या सिन्हा हैं। उन्होंने अपना शोध कार्य प्रोफेसर (डॉ.) विभु कुमार के निर्देशन में पूर्ण किया।
उनके शोध का विषय “बिहार में राजनीतिक अपराधीकरण का परिदृश्य: एक विश्लेषणात्मक अध्ययन (2005-2023)” रहा। शोध में बिहार की राजनीति में अपराधीकरण के विभिन्न आयामों एवं उसके सामाजिक-राजनीतिक प्रभावों का विश्लेषणात्मक अध्ययन किया गया है।
मुकुल कुमार सिंह को पीएचडी उपाधि मिलने की खबर से विश्वविद्यालय परिवार, शोधार्थियों, मित्रों एवं शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र एवं समाज के लिए गौरव की उपलब्धि बताया है।

