प्रतिभा सम्मान समारोह: मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय घोरहट में शुक्रवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में वार्षिक माध्यमिक परीक्षा-2026 एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
समारोह में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी विभा रानी, मांझी कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. संजय कुमार राय, डॉ. विजय कुमार सिंह तथा विनय कुमार, ओमप्रकाश पांडेय, शिक्षक व कवि बिजेंद्र कुमार तिवारी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र एवं छात्राएं उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक सुरेश कुमार यादव ने की। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों एवं छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और शिक्षकों के मार्गदर्शन से छात्र लगातार बेहतर परिणाम हासिल कर रहे हैं। वहीं मंच संचालन शिक्षक ऋतुराज कुमार सिंह ने किया। समारोह के दौरान विद्यालय का माहौल उत्साह एवं खुशी से भरा रहा।

