मानवता और सेवा का संदेश, छपरा में मनाया गया रेड क्रॉस का 148वाँ स्थापना दिवस
सीपीएस में धूमधाम से मनाया गया रेड क्रॉस का 148वाँ स्थापना दिवस
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: रेड क्रॉस सोसाइटी, छपरा द्वारा “यूनिटी इन ह्यूमैनिटी” थीम के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस सोसाइटी के 148वें स्थापना दिवस एवं संस्थापक सर हेनरी ड्यूनेंट की जयंती के अवसर पर सीपीएस ऑडिटोरियम, छपरा में भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सीपीएस के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई, जिसके बाद उपस्थित अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि रेड क्रॉस समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं से समाज सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा रेड क्रॉस जैसी संस्थाओं से जुड़ने का आह्वान किया।
स्टेट रिप्रेजेंटेटिव डॉ. हरेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत शॉल, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में मानवता एवं सेवा के क्षेत्र में रेड क्रॉस की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं मुख्य वक्ता गंगा सिंह कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रमेन्द्र रंजन सिंह ने सर हेनरी ड्यूनेंट के जीवन, उनके विचारों एवं रेड क्रॉस आंदोलन की स्थापना पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि सेवा, त्याग और मानवता ही रेड क्रॉस की असली पहचान है।
रेड क्रॉस सोसाइटी, छपरा के उपाध्यक्ष डॉ. शहजाद आलम ने संस्था द्वारा किए गए सामाजिक एवं मानवीय कार्यों की जानकारी दी। डॉ. सुरेश सिंह ने भावी कार्ययोजना साझा करते हुए स्वास्थ्य जागरूकता, रक्तदान, आपदा राहत एवं सामाजिक सेवा से जुड़े आगामी कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय डॉ. विकाश कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. एस.के. पराशर ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर संजय जी, रविन्द्र सिंह, मुरारी सिंह, महेश्वर सिंह सहित रेड क्रॉस सोसाइटी के कई पदाधिकारी, शिक्षाविद्, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं मानवता की सेवा के संकल्प के साथ हुआ।
#RedCross #Chhapra #Saran #BiharNews #SocialService #Humanity #VaibhavShrivastava #EducationNews

