बनवार ओवरब्रिज के समीप भीषण सड़क हादसा, आर्केस्ट्रा टीम के तीन कलाकारों की मौत, कई घायल
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के दाऊदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत छपरा–सिवान मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में आर्केस्ट्रा टीम के तीन कलाकारों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल कायम हो गया।
जानकारी के अनुसार, दाऊदपुर थाना क्षेत्र के बनवार रेलवे ओवरब्रिज के समीप साधपुर मोड़ पर छपरा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक और एकमा की ओर से जा रही टाटा मैजिक वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टाटा मैजिक के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि टाटा मैजिक में सवार सभी लोग “जिया म्यूजिकल ग्रुप” नामक आर्केस्ट्रा टीम के कलाकार और संचालक थे, जो सिवान जिले के चैनपुर इलाके से कार्यक्रम समाप्त कर सारण जिले के खैरा स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और इसकी सूचना दाऊदपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दाऊदपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब पांच से नौ लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। घायलों का इलाज एकमा सीएचसी में चल रहा है, जहां कुछ की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया गया।

