प्रवेशोत्सव पर विद्यार्थियों को मिली सौगात, स्कूलों में ड्रेस, जूते व पाठ्य सामग्री का वितरण
सरूपगंज (राजस्थान) संवाददाता रणजीत जीनगर: नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रवेशोत्सव के अवसर पर “मुस्कान एक लक्ष्य” पहल के तहत श्री गणेश युवा सेवा संगठन सिरोही एवं विमल वडेरा स्मृति परमार्थ ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच ड्रेस, जूते (चरण पादुका) एवं पाठ्य सामग्री का वितरण किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ना और उनका उत्साहवर्धन करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान कुल 183 स्कूली ड्रेस एवं 100 जोड़ी चरण पादुका वितरित किए गए। संगठन के सदस्य रणजीत जीनगर ने बताया कि मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त अध्यापिका शांति देवी के हाथों राजकीय प्राथमिक विद्यालय गोपियों की ढाणी में 41 ड्रेस, सेमली-2 में 35 ड्रेस, सदाफली में 20 ड्रेस, नयावास में 47 ड्रेस तथा छोटा खादरा में 40 ड्रेस वितरित की गईं। इसके अलावा राजकीय प्राथमिक विद्यालय ढाकेला प्रथम में 80 जोड़ी चरण पादुका बच्चों को दी गईं।
इस अवसर पर शांति देवी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे बच्चे अपने जीवन को बेहतर बना सकते हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
कार्यक्रम में भामाशाह सोहनलाल जैन, सुमित्रा जैन एवं प्रेरणा स्रोत जगदीश रावल का विशेष आभार व्यक्त किया गया। इस मौके पर संगठन के सदस्य जितेंद्र बासफोड़, अविनाश, दृष्टि पांडे, रितु, शिव, विक्रम सहित विद्यालय के शिक्षक बाबूलाल, राकेश, तेजाराम, रणपत, पेमाराम, सुरेश कुमार, सोहनलाल एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस पहल से क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता और बच्चों के मनोबल में वृद्धि देखी जा रही है।
Sarupganj news, School distribution program, Student support Rajasthan, NGO education help, School uniform distribution

