सारण में पांडुलिपि खोजो अभियान की शुरुआत, डीएम ने प्रतिभागियों को किया सम्मानित
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिला कला एवं संस्कृति विभाग की पहल पर शनिवार को समाहरणालय सभागार में ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक “पांडुलिपि खोजो अभियान” की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने की, जिसमें जिले भर के महंत, मौलवी, सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस अभियान का उद्देश्य जिले में बिखरी ऐतिहासिक धरोहरों और पांडुलिपियों को खोजकर संरक्षित करना है।
बैठक के दौरान डीएम वैभव श्रीवास्तव ने अभियान के टॉप टेन में शामिल पत्रकार मनोज कुमार सिंह, रिविलगंज के वार्ड पार्षद आसिफ खान तथा जलालपुर के पत्रकार विजय यादव सहित सात अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिले की ऐतिहासिक विरासत को सहेजना हम सभी की जिम्मेदारी है और इस अभियान के माध्यम से छुपी हुई पांडुलिपियों को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
जिले के विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थानों में मौजूद पांडुलिपियों की जानकारी एकत्र करने के लिए कला एवं संस्कृति पदाधिकारी डॉ. विभा भारती को अधिकृत किया गया है। उनसे अपेक्षा की गई है कि वे संबंधित संस्थाओं से समन्वय स्थापित कर इन ऐतिहासिक दस्तावेजों का संकलन और संरक्षण सुनिश्चित करें।
बैठक में विशेष रूप से माँझी प्रखंड के डुमरी निवासी एवं विश्व पंचांग के रचयिता स्वर्गीय पंडित राम यत्न ओझा से जुड़ी पांडुलिपियों और हस्तलिखित दस्तावेजों को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने भी अपने-अपने स्तर से इस अभियान को सफल बनाने और ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित करने में सहयोग देने का भरोसा जताया।
Saran news, Manuscript search campaign, Chapra DM Vaibhav Srivastava, Culture department Bihar, Historical documents Bihar

