20 अप्रैल को ‘सोलर लोन मेला-2026’, पीएम सूर्य घर योजना को मिलेगा बढ़ावा
छपरा, 18 अप्रैल 2026
जिला प्रशासन, सारण के तत्वावधान में विद्युत आपूर्ति अंचल, छपरा द्वारा आगामी 20 अप्रैल 2026 को ‘सोलर लोन मेला-2026’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम उत्तर बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) एवं ऊर्जा विभाग, बिहार सरकार के समन्वय से आयोजित किया जा रहा है।
यह आयोजन केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। मेला सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह, छपरा में आयोजित होगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव होंगे। उनकी उपस्थिति में उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा के लाभ एवं सरकारी सब्सिडी से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
मेले की प्रमुख विशेषताओं में ऑन-द-स्पॉट ऋण सुविधा शामिल है, जहां विभिन्न बैंकों के स्टॉल लगाए जाएंगे और सोलर पैनल लगाने के लिए आसान शर्तों पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा, योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को 30,000 रुपये से 78,000 रुपये तक की सब्सिडी दी जाएगी। उपभोक्ता अपने घरों की छत पर सोलर प्लांट लगाकर 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ भी प्राप्त कर सकेंगे।
कार्यक्रम में विभिन्न सौर ऊर्जा कंपनियों द्वारा तकनीकी प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे लोग अपनी जरूरत के अनुसार उपयुक्त उपकरणों का चयन कर सकें।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस मेले में भाग लें। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल बिजली बिल को कम करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।

