SPMA सारण प्रेस एंड मीडिया एसोसिएशन के तत्वाधान में कलम के सिपाहियों का स्नेह मिलन
छपरा के रामानंद विवाह भवन में मीडिया संगोष्ठी कार्यशाला सह होली मिलन समारोह संपन्न
मीडिया समाज का दर्पण, त्योहारों में दिखती है सामाजिक समरसता: सुधांशु रंजन
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: शहर के साढ़ा ढाला रोड स्थित रामानंद मैरिज हॉल के सभागार में शनिवार को सारण प्रेस एंड मीडिया एसोसिएशन द्वारा मीडिया संगोष्ठी, कार्यशाला एवं होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और वेब पोर्टल के पत्रकारों ने एकजुट होकर सामाजिक सरोकारों पर चर्चा की और उत्सव का आनंद लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ और मुख्य संदेश:
समारोह का विधिवत उद्घाटन पूर्व विधान पार्षद प्रत्याशी सुधांशु रंजन, डॉ आर के गुप्ता, समाजसेवी कविता सिंह स्थानीय नेता सुभाष झड़ीमन राय, श्याम बिहारी अग्रवाल विजय मिश्रा, कृष्णा मिश्र, समाजसेवी मनीष कुमार एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सुधांशु रंजन ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। मीडिया समाज का आईना है और पत्रकारों की यह एकजुटता समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने का कार्य करती है। सुधांशु रंजन ने इस तरह के आयोजन पर बल देते हुए पत्रकारों को हर संभव सहायता देने की बात कही।
पत्रकारों की भूमिका और समन्वय:
कार्यशाला के दौरान पत्रकारों की कार्यशैली और उनके दायित्वों पर भी गहन मंथन हुआ। वक्ताओं ने जोर दिया कि "खबरों की भागदौड़ के बीच ऐसे आयोजन पत्रकारों के आपसी समन्वय और मानसिक ऊर्जा के लिए आवश्यक हैं। पत्रकार समाज की विसंगतियों को दूर करने के साथ-साथ आपसी सौहार्द को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।"
अबीर- गुलाल के साथ संकल्प:
कार्यशाला के बाद पूरा परिसर होली के रंगों में सराबोर हो गया। पत्रकारों और उपस्थित अतिथियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में सांस्कृतिक माहौल के बीच सभी ने शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से होली मनाने का संकल्प लिया। कलाकार इमरान,वैभव,अनीश अनु,रंजीत राजा,पलसाक्षी ने अपने सुंदर प्रदर्शन से सबका मन मोह लिया। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ पत्रकारों समेत सामाजिक कार्यकर्ताओं और कई गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में कार्यक्रम संयोजक दिवाकर मिश्रा, आनंद वर्मा अभिषेक अरुण, संजीव मिश्रा,संजीव सिंह सहित बड़ी संख्या में वेब पोर्टल प्रिंट मीडिया इलेक्ट्रॉनिक मीडिया सोशल मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

