90 पंचायत सचिव निलंबित, जनगणना व पंचायत कार्य बाधित होने पर डीएम की बड़ी कार्रवाई
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिवान जिले में पंचायत कार्यों में लापरवाही और हड़ताल पर गए पंचायत सचिवों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने 90 पंचायत सचिवों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जारी आदेश में कहा गया है कि पंचायत सचिव लंबे समय से अपने कर्तव्य स्थल से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित थे, जिससे जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, वंशावली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सत्यापन, सात निश्चय योजना, वित्त आयोग योजनाओं सहित कई महत्वपूर्ण कार्य बाधित हो रहे थे। साथ ही भारत की जनगणना-2027 जैसे महत्वपूर्ण कार्यों पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा था।
जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में 15 मई 2026 को आदेश जारी कर सभी हड़ताली पंचायत सचिवों को 18 मई तक कार्य पर लौटने का निर्देश दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद संबंधित सचिवों द्वारा आदेश का पालन नहीं किया गया। डीएम ने इसे बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली-1976 के नियम 3(1) का उल्लंघन मानते हुए बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2005 के तहत कार्रवाई की है।
निलंबित पंचायत सचिवों को अलग-अलग प्रखंडों में मुख्यालय आवंटित किया गया है। यह कार्रवाई पंचायती राज विभाग, बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में की गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्यों में बाधा पहुंचाने वाले कर्मियों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
#Siwan #PanchayatSecretary #Suspended #DMsiwan #BiharNews #Census2027 #PanchayatiRaj #BreakingNews #BiharGovernment
