अपराध की योजना बना रहे 9 बदमाश गिरफ्तार, हथियार व कारतूस बरामद
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे नौ अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से तीन देशी कट्टा, छह जिंदा कारतूस तथा पांच छीने गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी आरोपितों के खिलाफ मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 21 मई 2026 को मुफस्सिल थाना को सूचना मिली थी कि फोरलेन जाने वाली सड़क के पुल के पास करकट नुमा कमरे में कुछ अपराधी अवैध हथियारों के साथ जमा होकर बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मुफस्सिल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की गई।
पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की सहायता से घेराबंदी कर सभी नौ लोगों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से तीन देशी कट्टा, छह जिंदा कारतूस तथा पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि बरामद मोबाइल राहगीरों से छीने गए थे। हथियारों से संबंधित वैध कागजात भी कोई प्रस्तुत नहीं कर सका।
गिरफ्तार आरोपितों में आदर्श कुमार द्विवेदी, बिक्की कुमार, राजा कुमार, आकाश कुमार उर्फ प्रकाश, आकाश कुमार, शुभम कुमार, साहिल मिश्रा, अमरजीत कुमार तथा करण कुमार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इनमें से कुछ आरोपितों का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। राजा कुमार, अमरजीत कुमार एवं करण कुमार के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं।
इस मामले में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 326/26 के तहत बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ कर रही है तथा उनके अन्य आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

