नाबालिग साबित करने के लिए फर्जी टीसी काट डाला, दो सरकारी शिक्षक समेत तीन गिरफ्तार
मोतिहारी (बिहार): पूर्वी चम्पारण जिले में फर्जी तरीके से ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) जारी कर न्यायालय में जमा करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सरकारी शिक्षक एवं एक सरकारी शिक्षिका को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नगर थाना पुलिस द्वारा किशोर न्याय परिषद् पूर्वी चम्पारण, मोतिहारी से प्राप्त आवेदन के आधार पर की गई।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, चिरैया थाना कांड संख्या-126/22 के अभियुक्त भोला कुमार उर्फ भोला साह को नाबालिग साबित करने के उद्देश्य से शिक्षकों द्वारा फर्जी टीसी तैयार कर किशोर न्याय परिषद् के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था। मामले की सूचना मिलने के बाद नगर थाना में कांड संख्या-453/26, दिनांक 19 मई 2026 को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने सुबोध कुमार पाठक, भोला कुमार तथा एक महिला सरकारी शिक्षिका को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में सुबोध कुमार पाठक, पिता स्व. रामअयोध्या पाठक, निवासी परेवा थाना शिकारगंज, पूर्वी चम्पारण तथा भोला कुमार, पिता स्व. बिलट साह, निवासी परेवा थाना शिकारगंज शामिल हैं। इसके अलावा एक महिला सरकारी शिक्षिका को भी गिरफ्तार किया गया है, जिनका नाम पुलिस द्वारा सार्वजनिक नहीं किया गया है।
छापेमारी दल में अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, शिवशंकर पासवान, प्रशांत कुमार एवं नगर थाना रिजर्व गार्ड शामिल रहे।

