पटना में 25 से 27 मई तक लगेगा राज्य स्तरीय स्वास्थ्य रोजगार मेला
पटना (बिहार): युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार द्वारा 25, 26 एवं 27 मई 2026 को ज्ञान भवन, उत्तरी गांधी मैदान, पटना में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय स्वास्थ्य एवं सम्बद्ध क्षेत्र रोजगार मेला-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार मेले में स्वास्थ्य एवं सम्बद्ध क्षेत्र से जुड़े योग्य अभ्यर्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, वैसे सभी अभ्यर्थी जिन्होंने स्वास्थ्य एवं सम्बद्ध क्षेत्र से संबंधित किसी पाठ्यक्रम में उत्तीर्णता प्राप्त की है, वे बिहार रोजगार सेतु पोर्टल पर अपना निबंधन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को पोर्टल पर Jobseeker के रूप में पंजीकरण करने के बाद लॉग इन कर विभिन्न नियोजक कंपनियों एवं संस्थानों में आवेदन करना होगा। साथ ही रोजगार मेले में भाग लेने के लिए किसी भी दिन का स्लॉट बुक कर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी होगी।
विभाग ने बताया कि निबंधन के लिए अभ्यर्थी निर्धारित URL एवं QR कोड का उपयोग कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1800 296 5656 जारी किया गया है, जहां संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
रोजगार मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला स्तर से पटना स्थित रोजगार मेला स्थल तक परिवहन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। विभाग ने जिले के सभी योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं।

