प्रोन्नति एवं अधिकारों को लेकर कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर जयप्रकाश विश्वविद्यालय प्रक्षेत्र अंतर्गत विश्वविद्यालय मुख्यालय, छपरा में कर्मचारियों ने अपनी 15 सूत्री मांगों को लेकर विशाल धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय मुख्यालय सहित सभी अंगीभूत एवं अल्पसंख्यक महाविद्यालयों के शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी एकजुटता का परिचय दिया।
कार्यक्रम के तहत सुबह 10:30 बजे विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से प्रशासनिक भवन तक कर्मचारियों ने हाथों में बैनर एवं तख्तियां लेकर जोरदार प्रदर्शन करते हुए पैदल मार्च निकाला। “कर्मचारी एकता जिंदाबाद”, “हमारा हक हमें दो”, “संघर्ष ही समाधान है” एवं “प्रोन्नति हमारा अधिकार है” जैसे नारों से पूरा विश्वविद्यालय परिसर गूंज उठा। इसके बाद प्रशासनिक भवन के मुख्य गेट पर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।
धरना को संबोधित करते हुए प्रक्षेत्रीय सचिव अभिषेक कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों के शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने बताया कि वरीयता सूची निर्माण, वर्षों से लंबित सामूहिक प्रोन्नति, वर्ष 2009 एवं उससे पूर्व प्रोन्नत कर्मचारियों को प्रोन्नति अनुरूप वेतन भुगतान, दैनिक वेतनभोगी एवं आउटसोर्स कर्मियों के नियमितीकरण तथा रिक्त पदों पर नियुक्ति जैसे मुद्दों पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो महासंघ आंदोलन को और उग्र करने के लिए बाध्य होगा। वहीं बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ, पटना से आए संयुक्त मंत्री इंद्र कुमार दास ने कहा कि कर्मचारियों के धैर्य की लगातार परीक्षा ली जा रही है और मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं होने पर आंदोलन को राज्यव्यापी स्तर पर तेज किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कर्मचारियों की एकता को आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत बताया। प्रक्षेत्रीय अध्यक्ष हरिहर मोहन ने कहा कि कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों की लगातार उपेक्षा की जा रही है, जिससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अब अपने अधिकारों की लड़ाई निर्णायक रूप से लड़ने के लिए तैयार हैं।
धरना-प्रदर्शन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों से आए कर्मचारियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। इस दौरान अविनाश सिंह, विवेक कुमार सिंह, अमित कुमार, राय रणविजय देव, डॉ. प्रमेन्द्र रंजन सिंह, डॉ. मनीषा, बिपिन कुमार, पंकज कुमार सिंह, आशुतोष कुमार, अनिल कुमार सिंह, प्रो०(डॉ०) अच्युतानंद सिंह, प्रो०(डॉ०) रविंद्र सिंह तथा विशाल सिंह राठौर सहित कई वक्ताओं ने कर्मचारियों एवं छात्रों की समस्याओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।

