चार दोस्तों के साथ नहाने गया आशिक सरयू नदी में डूबा, मां की चीख से गमगीन हुआ घाट
नहाने के दौरान एक युवक की सरयू नदी में डूबने से मौत, तीन दोस्त बाल-बाल बचे, मां की चीख-पुकार से गमगीन हुआ रामघाट
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी स्थित रामघाट पर बुधवार दोपहर सरयू नदी में नहाते समय चार दोस्तों में से एक की डूबकर मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने शेष तीन युवकों को गहरे पानी से सकुशल बाहर निकाल लिया। मृतक की पहचान दाउदपुर निवासी हारून अली के 17 वर्षीय पुत्र आशिक अली के रूप में हुई है। चारों युवक दाउदपुर के ही रहने वाले थे।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सौरभ अभिषेक के नेतृत्व में मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोर रबीन्द्र चौधरी (दुर्गापुर) और सरोज यादव (चैनपुर) की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने आशिक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है।
मृतक के पिता हारून अली साइकिल से कपड़े की फेरी कर परिवार चलाते हैं। आशिक दो भाइयों में बड़ा था। घटना के बाद माता नजमा खातून समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चारों दोस्त सुबह 10 बजे से नदी में नहा रहे थे। मना करने के बावजूद वे भीषण गर्मी का हवाला देकर नहाते रहे। दोपहर करीब 12:15 बजे किशन कुमार गुप्ता अचानक गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने गए आशिक अली भी डूबने लगे। दोनों को डूबता देख दोस्त आदित्य सिंह और आर्यन सिंह मदद को दौड़े। वे किशन को बचाने में सफल रहे, लेकिन तब तक आशिक गहरे पानी में समा चुका था।
लगातार दूसरी घटना, प्रतिबंध की मांग
स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगलवार को भी तरवारा के एक युवक को वीडियो बनाते समय डूबने से बचाया गया था। बुधवार की घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने प्रशासन से रामघाट को तत्काल स्नान के लिए प्रतिबंधित करने की मांग की है।

