बिहार के सरकारी स्कूलों की टाइमिंग में हो सकता है बड़ा बदलाव, अब सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक चलेंगी कक्षाएं
पटना (बिहार): बिहार के सरकारी स्कूलों की समय-सारणी में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। शिक्षा विभाग राज्य के प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों का संचालन सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक करने पर गंभीरता से विचार कर रहा है। इसके साथ ही स्कूल समय समाप्त होने के बाद ‘सरकारी कोचिंग’ अथवा एक्सटेंडेड लर्निंग सेंटर शुरू करने की तैयारी भी की जा रही है, ताकि गरीब एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अतिरिक्त शैक्षणिक सहायता मिल सके।
सूत्रों के अनुसार, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के प्रस्ताव के तहत सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए निःशुल्क कोचिंग व्यवस्था लागू करने की योजना है। वर्तमान समय-सारणी के अनुसार स्कूल देर तक चलने के कारण बच्चों को शाम में घर लौटने में परेशानी होती है। ऐसे में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक कक्षाएं संचालित होने पर कोचिंग क्लास दोपहर बाद आसानी से चलाई जा सकेगी।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का मानना है कि गर्मी और उमस के मौसम में दोपहर बाद तक स्कूल में रहना बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। नई व्यवस्था लागू होने पर छात्र-छात्राओं को सुबह के अनुकूल वातावरण में पढ़ाई का अवसर मिलेगा तथा वे समय पर घर लौट सकेंगे। इससे विद्यार्थियों की उपस्थिति और पढ़ाई की गुणवत्ता में भी सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही है।
नई योजना के तहत नियमित कक्षाओं के तुरंत बाद विशेष कोचिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिससे छात्रों को बोर्ड परीक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी। विभागीय सूत्रों के अनुसार, जो शिक्षक नियमित समय के बाद रुककर कोचिंग देंगे, उन्हें सरकार की ओर से अतिरिक्त मानदेय भी दिया जाएगा।
हालांकि शिक्षा विभाग की ओर से अभी इस नई समय-सारणी को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है, लेकिन विभागीय स्तर पर इस प्रस्ताव पर तेजी से मंथन चल रहा है। यदि यह योजना लागू होती है तो बिहार के सरकारी स्कूलों की शिक्षण व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

