सहयोग शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, विभिन्न समस्याओं को लेकर दिये आवेदन
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के सिसवां कला पंचायत अंतर्गत चांदपुर गांव स्थित पंचायत भवन परिसर में मंगलवार को सरकार के निर्देश पर चलाए जा रहे सहयोग शिविर अभियान के तहत शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन सीओ पंकज कुमार एवं बीडीओ राजेश कुमार की देखरेख में किया गया।
शिविर में ग्रामीणों ने सड़क निर्माण, नाली सफाई, पेयजल संकट, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली आपूर्ति, राशन कार्ड, पेंशन तथा भूमि विवाद से संबंधित समस्याओं को लेकर आवेदन दिए। अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। इस दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान भी किया गया, जिससे ग्रामीणों में संतोष देखा गया।
सीओ पंकज कुमार ने कहा कि सरकार की मंशा पंचायत स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि आम नागरिकों को बार-बार प्रखंड एवं जिला कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। उन्होंने बताया कि सहयोग शिविर अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
वहीं बीडीओ राजेश कुमार ने कहा कि सभी अधिकारी जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि प्रखंड की सभी पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

