सारण: फर्जी नर्सिंग होम में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
पथरी के ऑपरेशन के बाद बिगड़ी हालत, पटना ले जाने के दौरान गई जान
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले में फर्जी नर्सिंग होमों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से लगातार सवाल उठ रहे हैं। जिले में बिना मानक और बिना पर्याप्त सुविधा के चल रहे कई निजी अस्पताल लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं। इसी बीच मांझी थाना क्षेत्र के ताजपुर गांव स्थित एक निजी नर्सिंग होम में पथरी के ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
मृत महिला की पहचान दाउदपुर थाना क्षेत्र के लगुनी के टोला निवासी बुद्धू यादव की 32 वर्षीय पत्नी मीना देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मीना देवी को पेट में पथरी की शिकायत थी, जिसके बाद परिजनों ने कम खर्च के लालच में मांझी थाना अंतर्गत ताजपुर गांव स्थित “सुगांती नर्सिंग एंड हॉस्पिटल” में भर्ती कराया था। वहां उसका ऑपरेशन किया गया, लेकिन ऑपरेशन के कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होते देख अस्पताल कर्मियों ने आनन-फानन में उसे पटना रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत के बाद परिजन शव लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिले में बड़ी संख्या में फर्जी नर्सिंग होम संचालित हो रहे हैं, जहां न तो विशेषज्ञ डॉक्टर हैं और न ही पर्याप्त चिकित्सा सुविधा। इसके बावजूद प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ऐसे संस्थानों का मनोबल बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि जांच टीम तो बनती है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति होती है, जिसका खामियाजा आम लोगों को अपनी जान गंवाकर भुगतना पड़ रहा है।

