साइबर कैफे संचालिका को धक्का देकर 30 हजार की लूट, बाइक सवार बदमाश फरार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी थाना क्षेत्र के डुमरी-कबीरपार सड़क स्थित कबीरपार मठिया के पास दिनदहाड़े साइबर कैफे में लूट की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बाइक सवार दो अपराधियों ने साइबर कैफे संचालिका को नाटकीय ढंग से धक्का देकर 30 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कबीरपार मठिया स्थित रिशु टेलीकॉम साइबर कैफे पर संचालिका रिंकू देवी अकेली थीं। दुकान संचालक रंजय भारती किसी निजी कार्य से गोपालगंज गए हुए थे और दुकान की जिम्मेदारी अपनी पत्नी को सौंप गए थे। इसी दौरान काले रंग की बाइक पर सवार दो युवक दुकान पर पहुंचे और फ्रीज खरीदने के नाम पर 30 हजार रुपये का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कराने की बात कही।
बताया जाता है कि झांसे में लेकर अपराधियों ने पहले रिंकू देवी से बिना ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के 30 हजार रुपये नकद ले लिए और भागने लगे। इसी जब संचालिका को शक हुआ और उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें धक्का दे दिया और कुल 30 हजार रुपये लेकर बाइक से फरार हो गए।
घटना के बाद रिंकू देवी द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन अपराधी भागने में सफल रहे। घटना के समय रंजय भारती के पिता अर्जुन भारती और माता पास की शीतल पेय दुकान पर मौजूद थे।
सूचना मिलते ही माँझी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष बिनोद कुमार ने घटनास्थल का मुआयना कर पीड़ित परिवार को जल्द मामले के खुलासे का आश्वासन दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, अपराधियों ने घटना से पहले करीब एक घंटे तक दुकान की रेकी की थी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी हुई है।
दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छापेमारी शुरू कर दी है।

