हरिनाम संकीर्तन से भक्तिमय हुआ क्षेत्र, 24 घंटे के अखंड अष्टजाम का शुभारंभ
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: माँझी प्रखंड के मटियार पंचायत अंतर्गत जैतिया पांडेय टोला जई छपरा स्थित गंगाराम ब्रह्म बाबा स्थान पर 24 घंटे के अखंड अष्टजाम का विधिवत शुभारंभ किया गया। अखंड अष्टजाम शुरू होते ही पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया और हरिनाम संकीर्तन से वातावरण गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत आचार्य पंडित अरविंद त्रिवेदी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई। पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं ने हरिनाम संकीर्तन प्रारंभ किया, जो लगातार 24 घंटे तक चलता रहेगा। भक्ति गीतों और संकीर्तन से गांव का माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग गया है।
अखंड अष्टजाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन में भाग ले रहे हैं। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार उमड़ रही है। आयोजकों ने बताया कि अष्टजाम के समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें आसपास के गांवों से हजारों श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की संभावना है।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता सुधाकर मिश्रा, पूर्व उप प्रमुख आनंद पाण्डेय, रजनीश पांडेय उर्फ विधायक जी, पंकज पांडेय, कन्हैया पांडेय, पप्पू पांडेय, नितेश पांडेय, मुन्ना यादव, ब्रजेश सिंह, राजू पांडेय, मुकेश बैठा, संजय पंडित, सुदामा पंडित, मनोरंजन पांडेय तथा सुधीर पांडेय समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। 24 घंटे तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे गांव में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।

