पोखरे में डूबने से 13 वर्षीय बच्चे की मौत, परिजनों के चीत्कार से गमगीन हुआ माहौल
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: एकमा थाना क्षेत्र के भटौली गांव में रविवार को पोखरे में नहाने के दौरान डूबने से 13 वर्षीय आदित्य कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया तथा परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो उठा।
बताया जाता है कि आदित्य कुमार अपने कुछ दोस्तों के साथ गांव के नजदीक स्थित पोखरे में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी।
आनन-फानन में परिजन उसे लेकर एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल परिसर में जैसे ही बच्चे की मौत की खबर परिजनों को मिली, उसकी मां और अन्य स्वजनों के चीख-पुकार से वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
मृतक आदित्य के पिता अजय यादव बाहर रहकर मजदूरी का कार्य करते हैं। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल कायम है और ग्रामीण परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।

