सांसद सिग्रीवाल ने किया छठ घाट का उद्घाटन, तालाब खुदाई व नाला निर्माण का दिया आश्वासन
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड के गुर्दाहा कला स्थित पुरैना ताल में सांसद मद से लगभग दस लाख रुपये की लागत से निर्मित छठ घाट का उद्घाटन रविवार को सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने विधिवत फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के नेतृत्व में देश विकास की नई इबारत लिख रहा है तथा गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
समारोह के दौरान ग्रामीणों ने पुरैना ताल को अतिक्रमण मुक्त कराने, उसकी समुचित खुदाई कराने तथा गांव में अतिरिक्त नाला निर्माण की मांग सांसद के समक्ष रखी। इस पर सांसद ने तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराकर उसकी खुदाई कराने और अतिरिक्त नाला निर्माण कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष जय किशोर सिंह ने अतिथियों का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि उदय शंकर सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य धर्मेन्द्र सिंह समाज, पूर्व मुखिया गिरिजा देवी, त्रिलोकीनाथ सिंह, संजय सिंह, अरुण सिंह, रूपेश कुमार, भागवत तिवारी तथा नागेन्द्र ठाकुर सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनोज प्रसाद ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन गोपाल दास ने किया।

