सारण में आज ही आयेंगे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, करेंगे सहयोग शिविर का शुभारंभ, तैयारियां तेज
सहयोग शिविर के शुभारंभ को लेकर प्रशासन अलर्ट, मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारी तेज
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: बिहार सरकार द्वारा पंचायत स्तर पर आयोजित किए जा रहे ‘सहयोग शिविर’ के शुभारंभ को लेकर सारण जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। 19 मई को सोनपुर प्रखंड के डुमरी बुजुर्ग पंचायत भवन में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन को लेकर सोमवार देर शाम सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान जिला मुख्यालय, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समय पर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए प्रखंड और जिला कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। इसी उद्देश्य से पंचायत स्तर पर प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहेंगे। शिविर में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन के लिए 30 दिनों की समय-सीमा तय की गई है।
उन्होंने जानकारी दी कि सहयोग शिविर के प्रथम चरण में 19 मई को सारण जिले के 40 पंचायतों में शिविर लगाया जाएगा। सोनपुर प्रखंड के डुमरी बुजुर्ग एवं हासिलपुर पंचायत में विशेष रूप से शिविर आयोजित होगा। शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, मनरेगा, बिजली, सड़क, जलापूर्ति, आपूर्ति विभाग सहित अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों की सुनवाई की जाएगी। मौके पर ही कई समस्याओं का समाधान करने का प्रयास भी किया जाएगा।
जिला प्रशासन की इस पहल को ग्रामीण क्षेत्रों में काफी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सोनपुर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और स्थानीय लोग स्वागत की तैयारियों में जुटे हुए हैं। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव सहित राज्य सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं वरीय अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

