ईंट-भट्ठा पर मजदूर की हत्या का खुलासा, मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण पुलिस ने सोनपुर थाना क्षेत्र में हुई हत्या की घटना का त्वरित उद्भेदन करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रविवार सुबह सबलपुर दियारा क्षेत्र स्थित एक ईंट-भट्ठा पर काम करने वाले दो मजदूरों के बीच हुए विवाद में एक मजदूर की हत्या कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब पांच बजे सोनपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि ईंट-भट्ठा पर कार्यरत दो मजदूरों के बीच मारपीट हुई है। घटना में दयाल उरांव नामक मजदूर को कुदाल से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही सोनपुर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई। साथ ही त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में संलिप्त अभियुक्त राजू उरांव को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान झारखंड के लोहरदगा जिला अंतर्गत पालमी गांव निवासी राजू उरांव, पिता शुकदेव राव के रूप में हुई है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुदाल भी बरामद कर लिया है। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि आपसी विवाद के कारण उसने सोते समय दयाल उरांव पर कुदाल से हमला कर हत्या कर दी।
इस मामले में सोनपुर थाना कांड संख्या-537/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई कर रही है।
इस कार्रवाई में सोनपुर थानाध्यक्ष सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

