हत्या और आर्म्स एक्ट कांड का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, सारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण पुलिस ने सक्रिय पुलिसिंग अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तरैया थाना क्षेत्र से हत्या एवं आर्म्स एक्ट कांड में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर तरैया थाना पुलिस टीम ने छापेमारी कर तरैया थाना कांड संख्या-428/24, दिनांक 15 नवंबर 2024 में नामजद अभियुक्त नितेश कुमार उर्फ भंडू को गिरफ्तार किया। उक्त कांड हत्या एवं आर्म्स एक्ट से संबंधित बताया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109/103(2)/3(5) बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नितेश कुमार उर्फ भंडू, पिता अमरजित पासवान, निवासी माधोपुर दियर, थाना शाहपुर (दानापुर), जिला पटना के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त की गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में तरैया थानाध्यक्ष सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सारण पुलिस ने कहा है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

