स्काउट-गाइड व युवा संगठन ने बांटी छाछ और ठंडा जल, भीषण गर्मी में राहगीरों को मिली राहत
सरूपगंज (राजस्थान): राज्य भारत स्काउट गाइड स्थानीय संघ सरूपगंज, जिला मुख्यालय सिरोही एवं श्री गणेश युवा सेवा संगठन सिरोही के संयुक्त तत्वावधान में रेलवे स्टेशन सरूपगंज पर चल रही ग्रीष्मकालीन जल सेवा के तहत रविवार को विशेष छाछ वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा कार्य से राहगीरों, यात्रियों एवं आमजन को बड़ी राहत मिली।
स्काउटर रणजीत जीनगर ने बताया कि जल सेवा अभियान के छठे दिन वी. साधना उप प्रधानाचार्य के सहयोग से करीब एक हजार थैली छाछ का वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि अब तक इस सेवा अभियान के माध्यम से 590 कैम्पर पानी यात्रियों एवं जरूरतमंद लोगों को पिलाया जा चुका है। गर्मी में सेवा कार्य को लेकर लोगों ने स्काउट-गाइड एवं युवा संगठन की सराहना की।
सेवा कार्यक्रम के दौरान पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी गणपत सिंह देवड़ा, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सुरेश प्रजापत, श्री 1008 डॉ. संतोष कंवर बाईसा राम द्वारा बाली, पूर्व सचिव मोहनलाल परमार, प्रधानाचार्य हिदूराम डाबी, पंचायत समिति सदस्य पवन अग्रवाल, व्यापार संघ अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, पूर्व उप प्रधान विनोद दवे, व्याख्याता कमलेश राजपुरोहित, अनुसंधान अधिकारी तेजपाल कुमावत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अतिथियों ने विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों के सेवा भाव की जमकर सराहना की। वी. साधना उप प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देते हुए कहा कि असली हीरो वही बच्चे हैं जो भीषण गर्मी में लोगों की सेवा कर रहे हैं। वहीं संतोष कंवर बाईसा ने कहा कि प्यास और गर्मी की पीड़ा हर व्यक्ति महसूस करता है, ऐसे में बच्चों द्वारा निःशुल्क ठंडा जल एवं छाछ वितरण मानवता की मिसाल है।
अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सुरेश प्रजापत ने विद्यार्थियों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी, जबकि पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी गणपत सिंह देवड़ा ने इस सेवा कार्य को मानवता और सामाजिक सरोकार का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में रोवर जितेन्द्र बासफोड़, गोपाल बासफोड़, दीपक कलावंत, मुकेश बंजारा, तन्मय गर्ग, अविनाश बोहरा, आकाश रिजवानी, श्रवण गर्ग, रेहान अहमद, कृष्णा जीनगर, प्रिंस प्रजापत सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। वहीं रेंजर दृष्टि पांडे, लीला कुमारी, वर्षा वैष्णव, ललिता कलबी, पूनम वैष्णव एवं अन्य छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक सेवा कार्य कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।

