रिविलगंज अस्पताल में विधायक छोटी कुमारी का औचक निरीक्षण, मिली कई अनियमितताएं
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: छपरा की विधायक छोटी कुमारी ने शनिवार देर रात करीब 11 बजे रिविलगंज अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई तरह की अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर विधायक ने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने की कड़ी चेतावनी दी।
विधायक छोटी कुमारी ने अस्पताल के प्रसव विभाग, जांच विभाग, एक्स-रे विभाग सहित विभिन्न वार्डों का खुद निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पाया कि अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं थी। कई जगह गंदगी फैली हुई थी तथा नाइट ड्यूटी पर तैनात कर्मियों में भी लापरवाही देखी गई। निरीक्षण के दौरान कुछ कर्मी बिना निर्धारित ड्रेस के ड्यूटी करते पाए गए। विधायक ने कहा कि अस्पताल के कमरों की स्थिति काफी खराब थी और मरीजों के प्रति कर्मचारियों में गंभीरता का अभाव दिखा।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने मौके से ही चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राकेश कुमार से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी दी और तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों का सबसे बड़ा दायित्व मरीजों के प्रति संवेदनशील और सजग रहना है। यदि रात की ड्यूटी है तो डॉक्टरों को अस्पताल में उपस्थित रहकर मरीजों की देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कैमरा बंद कर सो जाना गंभीर लापरवाही है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विधायक छोटी कुमारी ने कहा कि सरकार गरीबों के इलाज के लिए अस्पतालों में डॉक्टर, दवा, एंबुलेंस और अन्य सुविधाओं पर करोड़ों रुपये खर्च करती है। इसके बावजूद यदि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा नहीं मिलेगी तो यह बेहद चिंताजनक है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अस्पताल की व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान भाजपा जिला महामंत्री एवं विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुमार साह, पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश प्रसाद, प्रखंड भाजपा अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान, समाजसेवी अमित सिंह, महामंत्री प्रियाकांत कुशवाहा, पूर्व मंडल अध्यक्ष अनुरक्षण प्रसाद, सुधीर कुमार सिंह सहित कई भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
#Chapra #Saran #Revelganj #Bihar #HospitalInspection #ChhotiKumari #HealthDepartment #BJP #BreakingNews #BiharNews
