शिक्षक अशोक मिश्रा के निधन से शिक्षा जगत में शोक की लहर, श्रद्धांजलि सभा आयोजित
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: मांझी प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय भुलाआ में पदस्थापित प्रधानाध्यापक एवं खानपुर सीआरसी के समन्वयक अशोक कुमार मिश्रा का रविवार को हृदय गति रुक जाने से आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही शिक्षा जगत एवं शिक्षक समाज में शोक की लहर दौड़ पड़ी। बताया जाता है कि वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
सोमवार को सीआरसी परिसर में शिक्षकों द्वारा शोकसभा का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस दौरान उपस्थित शिक्षकों ने उनके व्यक्तित्व एवं शिक्षा के प्रति समर्पण को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान शिक्षक नेता हवलदार मांझी ने कहा कि अशोक मिश्रा अपने मृदुभाषी, मिलनसार एवं कर्मठ स्वभाव के कारण शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच काफी लोकप्रिय थे। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनके निधन को शिक्षक समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।
शोकसभा में प्रभावती देवी, अमर कुमार दुबे, उमेश कुमार, नागेन्द्र यादव, अखिलेश प्रसाद, पंकज प्रकाश सिंह, नीरज कुमार, मुन्ना सिंह, मनोज पाण्डेय, सुनीता कुमारी, नीतू कुमारी, रविंद्र ठाकुर, कन्हैया राम, जहारुद्दीन अंसारी, मुकेश पंडित, हरे राम यादव, पिंटू बैठा, शशि चौधरी, राम पुकार मांझी, हनीफ खान, दरोगा हरिजन, अविनाश कुमार सिंह, उपेंद्र यादव सहित विभिन्न सीआरसी से आए दर्जनों शिक्षक मौजूद रहे।

