सारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अपहरण कांड का सफल उद्भेदन, अपहृत व्यक्ति सकुशल बरामद
सारण (बिहार): सारण पुलिस ने नगर थाना एवं मशरक थाना की संयुक्त कार्रवाई में अपहरण कांड का सफल उद्भेदन करते हुए अपहृत व्यक्ति को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार दिनांक 15 मई 2026 को नगर थाना को सूचना मिली कि मशरक थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति का अपहरण कर लिया गया है तथा उसका टावर लोकेशन नगर थाना क्षेत्र के रुपगंज अड्डा नंबर-2 में मिल रहा है। सूचना के बाद नगर थाना एवं मशरक थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लोकेशन के आधार पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अपहृत व्यक्ति को सकुशल बरामद कर लिया तथा एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। तलाशी के क्रम में गिरफ्तार आरोपी के पास से एक देशी कट्टा और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दिनेश कुमार, पिता वकील राउत, निवासी छपिया बिंद टोली, थाना तरैया, जिला सारण के रूप में हुई है। इस मामले में नगर थाना कांड संख्या-446/26, दिनांक 16 मई 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)/ए/26 में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में नगर थाना एवं मशरक थाना के थानाध्यक्ष समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे। सारण पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

