गंडक नदी में स्नान के दौरान छात्र की डूबकर मौत, गांव में पसरा मातम
सारण (बिहार): मुजफ्फरपुर जिले के पारु थाना क्षेत्र स्थित सुहागपुर घाट के समीप गंडक नदी में स्नान करने गए एक छात्र की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान तरैया थाना क्षेत्र के बनिया हसनपुर गांव निवासी जियालाल साहनी के 11 वर्षीय पुत्र अनिकेत कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल कायम हो गया है।
परिजनों के अनुसार अनिकेत दियरा क्षेत्र में भैंस चराने गया था। इसी दौरान वह अन्य बच्चों के साथ गंडक नदी में स्नान करने चला गया। स्नान के दौरान अचानक दो बच्चे गहरे पानी में डूबने लगे। इनमें से एक बच्चा किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया, लेकिन अनिकेत गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा परिजनों में चीख-पुकार शुरू हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना देते हुए एनडीआरएफ टीम बुलाने की मांग की। हालांकि काफी देर तक टीम नहीं पहुंच सकी। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों ने नाव की मदद से नदी में खोजबीन शुरू की। काफी मशक्कत के बाद अनिकेत का शव नदी से बरामद किया गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पारु थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुजफ्फरपुर जिला अस्पताल भेज दिया।
बताया जाता है कि अनिकेत कक्षा पांच का छात्र था और पढ़ाई में काफी होनहार माना जाता था। वह दो भाई और दो बहनों में दूसरे स्थान पर था। घटना के बाद पिता जियालाल साहनी, माता रीना देवी, बहन अंचल कुमारी, आयुषी कुमारी तथा भाई पीयूष कुमार समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर आंख नम है और लोग इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।

