सिसवन में अलग-अलग हादसों में युवक, बच्चा व दो महिलाएं घायल
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र में रविवार को अलग-अलग स्थानों पर हुई घटनाओं में एक युवक, एक बच्चा तथा दो महिलाएं घायल हो गईं। सभी घायलों को इलाज के लिए सिसवन रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से एक बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के मांझी–रघुनाथपुर मुख्य मार्ग पर ई-रिक्शा से गिरकर ग्यासपुर गांव का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक स्थानीय निवासी इम्तियाज़ खान का पुत्र अजहर खान बताया जाता है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे सिसवन रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज किया गया।
वहीं दूसरी घटना सिसवन टोला ददरे में घटी, जहां छत से गिरकर एक 10 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चा स्थानीय निवासी हरेराम यादव का पुत्र हर्षिल कुमार यादव बताया जाता है। परिजनों ने उसे तुरंत सिसवन रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सीवान रेफर कर दिया।
इधर चैनपुर ओपी क्षेत्र के रामगढ़ भदौर गांव में आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में दो महिलाएं घायल हो गईं। घायलों में भदौर गांव निवासी प्रिंस भारती की पत्नी रीमझीम देवी तथा रामगढ़ निवासी दिलीप महतो की पुत्री रोशनी कुमारी शामिल हैं। दोनों घायलों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।

