शहीद की बेटी सृष्टि पांडेय बनीं सेना अधिकारी, सारण का नाम किया रोशन
सृष्टि पांडेय ने अपनी शुरुआती शिक्षा Army Public School से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने बी.टेक (कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग) की पढ़ाई पूरी की। अनुशासन और देश सेवा की भावना से प्रेरित होकर उन्होंने सेना में अधिकारी बनने का लक्ष्य तय किया और कड़ी मेहनत के बल पर इस मुकाम को हासिल किया।
सृष्टि के पिता हवलदार अरविंद कुमार पांडेय भारतीय सेना की 9 Para Field Regiment में देश सेवा करते हुए वर्ष 2009 में शहीद हो गए थे। उनकी माता ऊषा पांडेय ने कठिन परिस्थितियों में भी बेटी को आगे बढ़ने के लिए हमेशा प्रेरित किया। उनकी दादी राधिका देवी पूर्व प्रधान अध्यापिका रह चुकी हैं, जबकि उनके चाचा अमरेंद्र कुमार पांडेय Central Reserve Police Force में पदस्थापित हैं।
परिवार में शिक्षा और देश सेवा की इसी परंपरा ने सृष्टि को हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। जैसे ही उनके चयन की खबर गांव और जिले में पहुंची, लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि सृष्टि पांडेय की यह उपलब्धि क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी और उन्हें भी देश सेवा के लिए आगे बढ़ने का हौसला देगी।

