सिसवन में शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई
65 लीटर महुआ शराब के साथ कारोबारी गिरफ्तार, 27 लीटर बंटी-बबली शराब बरामद
सिवान (बिहार): सिसवन थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य मामले में शराब कारोबारी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों मामलों में शराब और बाइक जब्त कर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने भागर गांव निवासी धनजी बिन्द को 65 लीटर देसी महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। बताया जाता है कि वह एक बाइक पर शराब लेकर जेलर साहब के मठिया गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली और सरौत गांव के पास घेराबंदी कर उसे धर दबोचा गया। पुलिस ने शराब व बाइक जब्त कर प्राथमिकी दर्ज करते हुए गिरफ्तार कारोबारी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में थाना क्षेत्र के सिनसिनिया गांव में पुलिस ने छापेमारी कर 27 लीटर देसी बंटी-बबली शराब बरामद की। हालांकि पुलिस के पहुंचने की भनक मिलते ही कारोबारी शराब और बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि यूपी से शराब लाकर यहां अवैध कारोबार किया जा रहा है। पुलिस ने शराब व बाइक जब्त कर प्राथमिकी दर्ज कर ली है तथा फरार कारोबारी की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

