छपरा में विशेष वाहन जांच अभियान, 21 वाहनों से 56 हजार रुपये जुर्माना वसूला
सारण (बिहार): सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को सारण जिले में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देशन में यातायात थाना की टीम द्वारा चलाया गया, जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जांच अभियान के दौरान हेलमेट नहीं पहनने, यातायात नियमों की अनदेखी करने तथा सड़क किनारे अवैध तरीके से वाहन पार्क करने वाले चालकों पर विशेष नजर रखी गई। इस दौरान सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े 21 दोपहिया वाहनों को टोइंग मशीन की मदद से उठाकर यातायात थाना लाया गया।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में कुल 21 वाहनों से 56 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा के मद्देनजर ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े और सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।
सारण पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा निर्धारित स्थान पर ही वाहन पार्क करें। नियमों का पालन कर लोग अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं।
Saran traffic checking drive, Chapra traffic police action, Bihar road safety campaign, Helmet checking Chapra, Saran police traffic fine

