CHE दीदियों की पहल से गांवों में बढ़ी स्वास्थ्य जागरूकता, महिला दिवस पर सम्मान
माँझी सीएचसी में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘सामुदायिक स्वास्थ्य नायक सम्मान’ कार्यक्रम
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हीलिंग फील्ड्स फाउंडेशन के तत्वावधान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माँझी में “सामुदायिक स्वास्थ्य नायक सम्मान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्षेत्र में सक्रिय सामुदायिक स्वास्थ्य उद्यमी (CHE) दीदियों, आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं के साथ-साथ CHE के कार्यों से लाभान्वित परिवारों के सदस्य भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता और सेवा में योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित करना था।
हीलिंग फील्ड्स फाउंडेशन एक गैर-लाभकारी सामाजिक संस्था है, जो उन क्षेत्रों में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए कार्य कर रही है, जहां मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं। संस्था द्वारा चयनित महिलाओं को प्रशिक्षण देकर सामुदायिक स्वास्थ्य उद्यमी (CHE) और स्वास्थ्य नेतृत्वकर्ता के रूप में तैयार किया जाता है, ताकि वे अपने गांव और समुदाय में स्वास्थ्य सुधार के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। इनके माध्यम से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य व्यवहार अपनाने, किफायती स्वास्थ्य उत्पादों तक पहुंच बनाने, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा बीमारी की पहचान होने पर डॉक्टरों से संपर्क कर आगे की चिकित्सा सुविधा दिलाने का कार्य किया जाता है।
संस्था द्वारा अब तक बिहार, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और झारखंड के विभिन्न जिलों में 6000 से अधिक महिलाओं को CHE के रूप में प्रशिक्षित किया जा चुका है, जो लगभग 82.5 लाख लोगों तक अपनी सेवाएं पहुंचा रही हैं। वर्तमान में सारण जिले के करीब 200 गांवों में CHE दीदियों को स्वास्थ्य संबंधी देखभाल, स्वच्छता, पोषण और सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षित किया गया है। प्रशिक्षण के बाद ये महिलाएं गांवों में लोगों को बेहतर खान-पान, स्वच्छता के पालन, गैर-संचारी रोगों की पहचान और उनके बचाव के बारे में जागरूक कर रही हैं। साथ ही डॉक्टर कॉल के माध्यम से मरीजों को चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराने और प्राथमिक उपचार देने का कार्य भी कर रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान CHE दीदियों चम्पा देवी, गायत्री देवी और पूनम देवी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इन तीनों ने अपने-अपने गांवों में जरूरतमंद लोगों को समय पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कार्यक्रम में महिलाओं को स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और महिला सशक्तिकरण के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और परिवार तथा समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माँझी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोहित कुमार ने कहा कि गांव स्तर पर CHE कार्यकर्ताओं की सक्रियता से क्षेत्र में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है और लोगों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में CHE दीदियां स्वास्थ्य क्षेत्र में और भी महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
वहीं मिशन शक्ति की जिला मिशन समन्वयक सुश्री निभा सिंह ने CHE दीदियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल ग्रामीण समुदाय के लिए एक नई शुरुआत है। इससे दूरस्थ गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति में सुधार होगा और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।
इस अवसर पर बीएचएम राममूर्ति, बीसीएम विवेक, हीलिंग फील्ड्स फाउंडेशन की फील्ड कोऑर्डिनेटर मनीषा, सपना, अंजली, सरिता, समन्वयक रंजीत कुमार, ऋषिकांत सिंह तथा सहायक कार्यक्रम प्रबंधक अजय सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Manjhi CHC Womens Day program, Community Health Entrepreneur CHE, Healing Fields Foundation Saran, Women empowerment health program, Chapra rural health initiative
#WomensDay #Manjhi #Saran #CommunityHealth #WomenEmpowerment #RuralHealth #BiharNews

