महाराष्ट्र में मिला मांझी की लापता किशोरी का शव, बड़ी बहन सुरक्षित; चार माह पहले दोनों बहनें हुई थीं गायब
फेसबुक पर हुई दोस्ती के बाद घर छोड़ने की चर्चा, आत्महत्या की आशंका; जांच में जुटी महाराष्ट्र और बिहार पुलिस
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: लगभग चार माह पहले रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई मांझी नगर पंचायत की दो सगी बहनों में से छोटी बहन का शव महाराष्ट्र से बरामद होने की सूचना मिली है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। वहीं बड़ी बहन सुरक्षित बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के सांगली जिले के आठपड़ी थाना प्रभारी ने फोन पर मांझी थानाध्यक्ष बिनोद कुमार को सूचना दी कि मांझी के कुंअर टोली निवासी 14 वर्षीय प्रिया कुमारी का शव बरामद किया गया है। सूचना मिलते ही मांझी पुलिस परिजनों के साथ महाराष्ट्र के लिए रवाना हो गई है। फिलहाल प्रिया का शव आठपड़ी थाना क्षेत्र में रखा गया है, जहां उसकी बड़ी बहन अर्निका कुमारी (16 वर्ष) भी मौजूद है।
बताया जाता है कि 21 मार्च 2026 को दोनों बहनें अपने घर से अचानक लापता हो गई थीं। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चल सका था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों बहनों की फेसबुक के माध्यम से किसी युवक से दोस्ती हुई थी, जिसके बाद उनके घर छोड़ने की चर्चा सामने आई थी।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, तीन दिन पहले कथित फेसबुक मित्र द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद प्रिया कुमारी ने भी कथित रूप से आत्महत्या कर ली। हालांकि, इस संबंध में अभी तक पुलिस की ओर से अंतिम पुष्टि नहीं की गई है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मांझी थाना पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस के संपर्क में रहकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही किशोरी की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मांझी समाचार, सारण न्यूज, महाराष्ट्र में किशोरी का शव, लापता बहनें मांझी, सांगली पुलिस, आठपड़ी थाना, फेसबुक दोस्ती मामला, बिहार न्यूज, छपरा न्यूज, प्रिया कुमारी

