बरसाती पानी से पारसा बाजार बेहाल, जलजमाव से राहगीरों और स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के एकमा प्रखंड अंतर्गत पारसा बाजार में बरसात के कारण हुए जलजमाव से आम लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। बाजार और पारसा स्कूल जाने वाले छात्रों, अभिभावकों तथा स्थानीय लोगों को प्रतिदिन पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि पारसा बाजार की इस समस्या से एकमा विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह एवं महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल को कई बार अवगत कराया गया है। हालांकि अब तक केवल आश्वासन ही मिला है, जबकि समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में यही स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे बाजार की गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि कभी पारसा बाजार कांसा (कास) के बर्तनों के निर्माण के लिए दूर-दूर तक प्रसिद्ध था। यहां निर्मित बर्तन देश के विभिन्न राज्यों में भेजे जाते थे और बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलता था। लेकिन समय के साथ सरकारी स्तर पर आवश्यक सुविधाएं और प्रोत्साहन नहीं मिलने के कारण यह पारंपरिक उद्योग लगभग समाप्त हो गया। परिणामस्वरूप कांसा के बर्तन बनाने वाले अधिकांश कारीगर रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन कर गए।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से पारसा बाजार में स्थायी जलनिकासी व्यवस्था, सड़क सुधार और मूलभूत सुविधाओं के विकास की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बरसात के दिनों में लोगों की परेशानी और बढ़ जाएगी।
पारसा बाजार जलजमाव, एकमा समाचार, सारण न्यूज, पारसा बाजार सड़क समस्या, जलनिकासी समस्या, धूमल सिंह, जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, कांसा बर्तन उद्योग, बिहार समाचार

