16 वर्षों का सपना हुआ साकार, पारसा व पुरसोती में राजकीय डिग्री कॉलेज का हुआ उद्घाटन
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह:सारण जिले के एकमा प्रखंड क्षेत्र के पारसा एवं लहलादपुर प्रखंड के पुरसोती में सोमवार को राजकीय डिग्री कॉलेज का विधिवत उद्घाटन किया गया। बिहार सरकार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 211 डिग्री कॉलेजों का एक साथ उद्घाटन किया। इसी क्रम में महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल एवं एकमा विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह ने फीता काटकर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर पारसा एवं पुरसोती स्थित राजकीय डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए एकमा विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह ने कहा कि वर्ष 2010 से उनके मन में क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए स्थानीय स्तर पर डिग्री कॉलेज उपलब्ध कराने का सपना था। उन्होंने कहा कि आज यह सपना साकार होने से क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और विशेष रूप से छात्राओं को इसका बड़ा लाभ मिलेगा।
वहीं महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहल और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं तथा नए डिग्री कॉलेजों की स्थापना इसका प्रमाण है।
हालांकि उद्घाटन समारोह के दौरान पारसा कॉलेज परिसर स्थित खेल मैदान में भारी जलजमाव देखने को मिला। मैदान में चारों ओर पानी भरा होने के कारण लोगों को आवाजाही में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने परिसर में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग करते हुए अपनी समस्याएं जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखीं।
कार्यक्रम में जयप्रकाश विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, प्रखंड अध्यक्ष मुकेश सिंह, प्रदीप सिंह, विपिन सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
एकमा डिग्री कॉलेज, पारसा राजकीय डिग्री कॉलेज, पुरसोती कॉलेज उद्घाटन, सम्राट चौधरी, जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, मनोरंजन सिंह धूमल सिंह, सारण समाचार, बिहार शिक्षा, 211 डिग्री कॉलेज, एकमा न्यूज
#Ekma #Saran #Parsa #DegreeCollege #Bihar #Education #JanardanSinghSigriwal #DhumalSingh #GovernmentCollege #JagatDarshanNews
