सारण में एलपीजी कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त, तीन पर प्राथमिकी
सारण (बिहार): जिले में एलपीजी की किसी भी तरह की कालाबाजारी को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर शनिवार को सभी अनुमंडल पदाधिकारियों के नेतृत्व में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में औचक जांच और निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई और अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई की गई।
सोनपुर अनुमंडल क्षेत्र में कुल 11 स्थानों पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान दो प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करते हुए पाया गया। इसके बाद ग्रीन बावर्ची रेस्टोरेंट और राधेश्याम स्वीट्स के खिलाफ सोनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
वहीं सदर अनुमंडल क्षेत्र में 21 स्थानों पर निरीक्षण किया गया। इस दौरान एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान अराध्या केक सेंटर में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग करते पाए जाने पर उसके विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
इसके अलावा मढ़ौरा अनुमंडल क्षेत्र में भी चार स्थानों पर छापेमारी कर जांच की गई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एलपीजी की कालाबाजारी या किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने आम लोगों से अपील की है कि एलपीजी से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06152-245023 पर दर्ज कराई जा सकती है। यह नियंत्रण कक्ष प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक सक्रिय रहेगा।
Saran LPG inspection, Chapra LPG black marketing, Sonpur restaurant LPG raid, Bihar Food Consumer Protection action, Saran administration raid

