प्लास्टिक की रस्सी निगल गई भैंस, डॉक्टर ने सफल ऑपरेशन कर बचाई जान!
पशु चिकित्सक डॉ उदय कुमार ने किया सफल ऑपरेशन
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले के दिघवारा नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या- 09 में एक बीमार भैंस का सफल सर्जरी सारण के भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ उदय कुमार के नेतृत्व में सफल शल्य सर्जरी की गई है। जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या- 09 निवासी पशुपालक उपेंद्र राय की भैंस पिछले लगभग डेढ़ माह से लगातार गैस बनने की समस्या से परेशान थी। भैंस ने खाना- पीना भी लगभग बंद कर दिया था, जिससे उसकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। हालांकि स्थानीय स्तर पर कई चिकित्सकों से इलाज कराने के बावजूद कोई खास लाभ नहीं मिला था। इसके बाद पशुपालक उपेंद्र राय ने भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ उदय कुमार से संपर्क किया। सूचना मिलने के बाद डॉ उदय कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भैंस की जांच की। जांच के दौरान समस्या गंभीर पाई गई, जिसके बाद तत्काल शल्य चिकित्सा करने का निर्णय लिया गया। पशुपालक के दरवाजे पर ही आवश्यक चिकित्सा उपकरणों के साथ भैंस का सफल ऑपरेशन किया गया। वहीं ग्रामीणों में एक नई जागरूकता आई है कि सही समय पर इलाज कराया जाए तो शल्य क्रिया के पश्चात मवेशी ठीक हो सकती है।
इस संबंध में डॉ उदय कुमार ने बताया कि भैंस के पेट में प्लास्टिक की रस्सी फंस जाने के कारण बार- बार गैस बनने की समस्या हो रही थी। शल्य चिकित्सा के माध्यम से रस्सी को बाहर निकाला गया, जिसके बाद भैंस की स्थिति में सुधार होने लगा। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की शल्य क्रिया को चिकित्सकीय भाषा में “रूमानोटोमी” कहा जाता है। वहीं सारण के जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ ओबैदुल्लाह ने कहा कि पशुपालन विभाग में अब प्रशिक्षित और दक्ष पशु चिकित्सक उपलब्ध हैं, जो पशुओं की जटिल बीमारियों का भी सफल उपचार करने में सक्षम हैं। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि पशुओं में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर समय रहते नजदीकी पशु चिकित्सालय से संपर्क करें, ताकि समय पर इलाज कर पशुओं को बचाया जा सके। इस दौरान मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई के पशु चिकित्सक डॉ नीरज कुमार, स्थानीय पारा वेट धर्मेंद्र कुमार तथा सुशांत कुमार भी मौजूद रहे और ऑपरेशन में सहयोग किया। सर्जरी के बाद मवेशी सकुशल है।

