माँझी में मुख्य पार्षद के नेतृत्व में भव्य इफ्तार पार्टी, सामाजिक सौहार्द का दिखा संदेश
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी नगर पंचायत की मुख्य पार्षद विजया देवी के नेतृत्व में रमजान के पवित्र अवसर पर एक भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। यह आयोजन मुख्य पार्षद प्रतिनिधि विशाल राय उर्फ बिट्टू राय के निजी आवास पर हुआ, जिसमें मुस्लिम समुदाय सहित सभी समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में हजारों लोगों ने एक साथ रोजा इफ्तार किया और विभिन्न प्रकार के लजीज व्यंजनों का आनंद लेते हुए एक-दूसरे को रमजान की बधाई दी।
इस दौरान हिंदी दैनिक जागरण के पत्रकार सोहैल अहमद ने इफ्तार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रमजान का महीना आपसी प्रेम, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देता है। इफ्तार जैसे आयोजनों से समाज में सौहार्द और एकता की भावना मजबूत होती है तथा विभिन्न समुदायों के लोग एक साथ आकर भाईचारे का संदेश देते हैं।
आयोजक एवं मुख्य पार्षद प्रतिनिधि विशाल राय उर्फ बिट्टू राय ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी उनके आवास पर इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों के बीच आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता को मजबूत करना है। उन्होंने यह भी कहा कि ईद और होली जैसे पर्व पुराने ईर्ष्या-द्वेष को भुलाकर सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश देते हैं। माँझी क्षेत्र के लोगों ने हमेशा सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने की मिसाल पेश की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आयोजन किसी भी प्रकार से राजनीतिक नहीं है, बल्कि अमन पसंद, देशभक्त और समाजसेवी लोगों द्वारा आयोजित सामाजिक कार्यक्रम है।
कार्यक्रम के दौरान आए लोगों को अंगवस्त्र और टोपी देकर सम्मानित भी किया गया। इफ्तार पार्टी में हिंदू समाज के लोगों की भी अच्छी भागीदारी रही, जिससे गंगा-जमुनी संस्कृति की झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर माँझी विधायक प्रतिनिधि उमाशंकर ओझा, पैक्स अध्यक्ष विजय सिंह, नंदू यादव, विनय यादव, लालबाबू, मोहम्मद सलाम हुसैन, नीतीश ओझा, परवेज आलम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों की उपस्थिति से पूरे क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
Manjhi Iftar party Saran, Vijaya Devi Iftar Manjhi, Vishal Rai Iftar party, Ramzan Iftar Chapra, Manjhi communal harmony event
#Manjhi #Saran #Ramzan #IftarParty #CommunalHarmony #Chapra #BiharNews

