अवैध शराब भट्ठियों पर पुलिस का बुलडोजर, हजार लीटर शराब नष्ट
मांझी में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, हजार लीटर अर्द्धनिर्मित शराब विनष्ट
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: मांझी थाना पुलिस ने रविवार की शाम थाना क्षेत्र के महम्मदपुर कटोखर तथा कलान गांव में अवैध देसी शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। थानाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीम ने कई अवैध शराब भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस दौरान पुलिस ने लगभग एक हजार लीटर अर्द्धनिर्मित देसी शराब को मौके पर ही विनष्ट कर दिया तथा देसी शराब बनाने में उपयोग होने वाली सामग्री भी भारी मात्रा में बरामद की।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महम्मदपुर कटोखर और कलान गांव में बड़े पैमाने पर देसी शराब का निर्माण और बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दोनों गांवों में छापेमारी की। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही शराब तस्करों को इसकी भनक लग गई और वे मौके से फरार हो गए।
थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार शराब कारोबारियों की पहचान कर ली गई है तथा उनके विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस अभियान में एएसआई मिथिलेश कुमार, अमेरिका साह, सन्तोष कुमार, धीरेंद्र कुमार, रोहित कुमार और ज्ञान कुमार के अलावा पुलिस बल के जवानों के साथ दफादार और चौकीदार भी शामिल थे। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
Manjhi police raid, illegal liquor raid Saran, desi sharab bhatti destroyed, Manjhi police action, Bihar liquor prohibition raid

