सिवान समाहरणालय में प्रधान लिपिकों को रोकड़ पंजी अद्यतन एवं लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
सिवान (बिहार) | 11 फरवरी 2026
जिला पदाधिकारी सिवान श्री विवेक रंजन मैत्रेय की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में प्रधान लिपिकों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने कार्य संस्कृति में पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने सभी प्रधान लिपिकों को निर्देश दिया कि रोकड़ पंजी को नियमित रूप से अद्यतन रखा जाए, ताकि वित्तीय अभिलेखों में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे। न्यायालय से संबंधित मामलों, विशेषकर सीडब्ल्यूजेसी एवं एमजीसी प्रकरणों में निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप समय पर प्रतिवेदन तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।
एसी-डीसी विपत्रों से संबंधित लंबित मामलों को अविलंब निष्पादित करने तथा पेंशन से जुड़े प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश भी दिया गया। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिला स्तर से निर्गत सभी निर्देशात्मक पत्रों पर गंभीरता से कार्य करना अनिवार्य है और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
इसके अतिरिक्त, जिले के सभी कार्यालयों में शत-प्रतिशत बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने का निर्देश देते हुए इसके सख्त अनुपालन पर बल दिया गया। उन्होंने कहा कि नियमित उपस्थिति और समय पालन से प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता एवं दक्षता में वृद्धि होगी। बैठक में जिला स्थापना उप समाहर्ता सहित सभी प्रधान लिपिक उपस्थित रहे।

