वाराणसी-भटनी रेलखंड पर सघन टिकट जांच अभियान, 424 यात्रियों से 1.61 लाख रुपये की वसूली
वाराणसी (उत्तर प्रदेश) | 11 फरवरी 2026
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों को सुविधाजनक एवं आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने तथा रेल राजस्व की क्षति रोकने के उद्देश्य से सघन टिकट जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के निर्देश पर तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शेख रहमान के नेतृत्व में दिनांक 11 फरवरी 2026 को वाराणसी सिटी–भटनी रेलखंड पर मऊ जंक्शन को आधार बनाकर विशेष टिकट जांच अभियान संचालित किया गया।
इस अभियान के तहत 15104 बनारस–गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस, 15111 छपरा–वाराणसी सिटी मेल एक्सप्रेस, 65107 भटनी–वाराणसी सिटी मेमू एक्सप्रेस, 55138 बनारस–भटनी सवारी गाड़ी, 15050 गोरखपुर–कोलकाता मेल एक्सप्रेस, 15716 अजमेर–किशनगंज गरीब नवाज एक्सप्रेस, 14005 सीतामढ़ी–आनंद विहार लिच्छवी एक्सप्रेस, 19046 थावे–सूरत ताप्ती गंगा एक्सप्रेस, 11056 गोण्डा–लोकमान्य तिलक गोदान एक्सप्रेस, 14006 आनंद विहार–सीतामढ़ी लिच्छवी एक्सप्रेस, 15008 लखनऊ–वाराणसी सिटी कृषक एक्सप्रेस, 15018 गोरखपुर–लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस, 65132 प्रयागराज रामबाग–मऊ सवारी गाड़ी सहित अन्य मेल एवं सवारी गाड़ियों में सघन जांच की गई।
अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री पशुपति नाथ मिश्रा के नेतृत्व में मंडल के 25 टिकट जांच कर्मचारी, 9 रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान तथा 4 रेल राजकीय पुलिस (GRP) कर्मियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। जांच के दौरान 311 यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करते पकड़ा गया, जिनसे 1,15,015 रुपये की वसूली की गई। इसके अतिरिक्त 111 अनियमित यात्रियों से 46,340 रुपये वसूले गए तथा 2 मामलों में सफाई शुल्क के रूप में 200 रुपये चार्ज किए गए। इस प्रकार कुल 424 यात्रियों से 1,61,555 रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई।
रेल प्रशासन के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल द्वारा 3.63 लाख बिना टिकट यात्रियों से 25.19 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया जा चुका है। यह उपलब्धि टिकट जांच टीमों की सक्रियता, निरंतर निगरानी और प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई को दर्शाती है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने बताया कि ऐसे विशेष अभियान यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक कर रहे हैं, जिससे राजस्व संरक्षण के साथ सुरक्षित और सुव्यवस्थित रेल संचालन सुनिश्चित हो रहा है।
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल ने स्पष्ट किया है कि स्टेशनों एवं ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा, बिना बुक किए गए सामान तथा अनियमित यात्रा के विरुद्ध विशेष टिकट जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैध टिकट लेकर ही अपनी यात्रा प्रारंभ करें।

