पंचायत सरकार भवन निर्माण में तेजी लाने का निर्देश, 17 पंचायतों में जमीन विवाद जल्द सुलझाने के आदेश
छपरा (बिहार) | 11 फरवरी 2026
जिलाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव ने बुधवार को पंचायती राज विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए पंचायत सरकार भवनों के निर्माण कार्य में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया। समीक्षा बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 313 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण प्रस्तावित है, जिनमें से 88 भवनों का निर्माण पूर्ण हो चुका है और इनमें से 67 भवन क्रियाशील भी हो गए हैं, जबकि 175 भवनों का निर्माण विभिन्न चरणों में प्रगति पर है। वहीं 33 पंचायत सरकार भवनों के निर्माण हेतु प्राक्कलन तैयार कर मुख्य अभियंता, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन (LAEO) को तकनीकी स्वीकृति के लिए भेजा गया है।
समीक्षा के दौरान यह भी अवगत कराया गया कि 17 पंचायतों में भूमि संबंधी स्थानीय विवाद के कारण निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। इस पर जिलाधिकारी ने सभी 17 पंचायतों की स्थिति की एक-एक कर जानकारी ली और संबंधित 9 अंचलों के अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि विवाद का त्वरित निराकरण कर उपयुक्त स्थल का प्रस्ताव अविलंब उपलब्ध कराएं। जिला पंचायत राज पदाधिकारी को भी निर्देशित किया गया कि वे इन पंचायतों का स्थल निरीक्षण कर भूमि की उपयुक्तता सुनिश्चित करते हुए शीघ्र निर्णय लें, ताकि निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जा सके। संबंधित प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों को भी समस्या समाधान कर तत्काल कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए।
जिले में पंचायत सरकार भवनों का निर्माण भवन निर्माण विभाग, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन (LAEO) तथा ग्राम पंचायत द्वारा प्राधिकृत एजेंसियों के माध्यम से कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने सभी निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिया कि पूर्ण हो चुके भवनों को शीघ्र पंचायती राज विभाग को हस्तांतरित किया जाए, ताकि उन्हें क्रियाशील किया जा सके। साथ ही निर्माणाधीन सभी भवनों का कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के स्पष्ट निर्देश दिए गए तथा सभी बीपीआरओ को सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के अंतर्गत 54 पंचायतों का चयन किया गया है, जहां भूमि चिन्हित हो चुकी है। जिलाधिकारी ने इन पंचायतों के लिए प्राक्कलन तैयार कर अग्रेतर कार्रवाई हेतु कार्यपालक अभियंता, LAEO को निर्देशित किया।
समीक्षा बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल/LAEO, अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी जिला परिषद सहित सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी संबंधित अंचलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

