मांझी थाना पुलिस की सख्ती का असर: फरार अभियुक्त प्रेम यादव ने छपरा कोर्ट में किया आत्मसमर्पण
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना पुलिस द्वारा फरार अभियुक्तों के विरुद्ध की जा रही सख्त कार्रवाई का प्रभाव अब सामने आने लगा है। शराब तस्करी सहित अन्य डेढ़ दर्जन आपराधिक मामलों में बीते चार वर्षों से फरार चल रहे अभियुक्तों के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर इश्तेहार चस्पा किए जाने के बाद एक आरोपी ने आत्मसमर्पण कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत ताजपुर फुलवरिया गांव निवासी कृष्णा यादव के पुत्र प्रेम यादव और गोलु यादव लंबे समय से शराब तस्करी समेत कई मामलों में वांछित थे। शनिवार को थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी देव आशीष हंस के नेतृत्व में मांझी थाना पुलिस ढोल-नगाड़ों के साथ दोनों अभियुक्तों के घर पहुंची और न्यायालय के आदेशानुसार इश्तेहार चस्पा किया गया। इस कार्रवाई का उद्देश्य फरार अभियुक्तों पर कानूनी दबाव बनाना था।
इसी क्रम में मांझी थाना क्षेत्र के डुमाईगढ़ निवासी प्रेम यादव ने पुलिस की कार्रवाई और छपरा न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए छपरा कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रेम यादव कई कांडों में नामजद अभियुक्त था और लंबे समय से फरार चल रहा था।
मांझी थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार अभियुक्तों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

