सारण: होली विवाद ने लिया खूनी रूप, चाकूबाजी से युवक गंभीर रूप से घायल
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के दाऊदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बांरवा गांव में होली के दौरान हुआ मामूली विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक युवक बिना बुलाए गांव में आ पहुंचा था। इसी दौरान गांव के एक लड़के ने उस पर रंग फेंक दिया, जिससे वह युवक आगबबूला हो गया और बच्चे की पिटाई करने लगा। जब ग्रामीणों ने उसे बच्चे को मारने से रोका तो उसने आक्रोश में आकर चाकू निकाल लिया और हमला शुरू कर दिया। इस हमले में शंभू नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने घायल शंभू को तत्काल एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की टीम ने प्राथमिक उपचार किया। हालत चिंताजनक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कुन्दन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुट गई है तथा आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
हालांकि ताजा रिपोर्ट के अनुसार अब उसे पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया है। वहीं इस मामले में दो लोगों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार भी किया गया है।

